Moradabad : अमीक जामेई बोले-आरएसएस और भाजपा के इशारों पर काम कर रहा चुनाव आयोग
मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जमई ने मुरादाबाद लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल उठाया। कहा कि अब चुनाव आयोग आरएसएस और भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है।
बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में गर्माहट ला दी। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर ) प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है। विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देने से चुनाव आयोग बच रहा है। उन्होंने कहा कि अब आयोग स्वतंत्र नहीं रहा, सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सहित कई राज्यों में ईवीएम की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं, लेकिन आयोग चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को निशाना बनाकर मतदाता सूचियों से लाखों नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाल में दिए बयान का समर्थन करते हुए कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है, जनता अब इसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मिल्कीपुर उपचुनाव में धांधली की बात उठाई थी, जो अब पूरे देश में चर्चा का विषय है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में इंडिया गठबंधन की जीत तय है। बदलाव की बयार बिहार से उठ चुकी है। इस दौरान सपा के ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान आदि भी मौजूद रहे।
