Pilibhit : बाइफरकेशन मार्ग पर जंगली हाथियों की चहलकदी से राहगीरों के छूटे पसीने...ठप हो गया आवागमन
पीलीभीत, अमृत विचार। जनपद में अभी जंगली हाथियों की दस्तक थमी नहीं है। बुधवार शाम को बाइफरकेशन मार्ग पर दो जंगली हाथी आने से राहगीरों के पसीने छूट गए। हाथियों की दस्तक के चलते कुछ देर तक मार्ग पर यातायात थमा रहा। हालांकि इसके बाद बाद दोनों हाथी खेतों की ओर चले गए। तब कहीं जाकर आवागमन शुरू हो सका।
इन दिनों जनपद में नेपाल के जंगली हाथी लगातार दस्तक दे रहे हैं। पूर्व में नेपाल की ओर से भटककर आए दो जंगली हाथियों ने गजरौला, बरखेड़ा क्षेत्र के रिहायशी इलाकों में चहलकदमी के बाद जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ग्रामीण पर हमला कर घायल कर दिया था। इन दोनों जंगली हाथियों के जंगल में ही डेरा जमाए होने की बात कही जा रही थी। वहीं चार दिन पूर्व नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी से आए 20 से अधिक जंगली हाथियों के झुंड ने कलीनगर तहसील क्षेत्र के शारदा नदी पार स्थित गांव ढकिया ताल्लुके महाराजपुर में धावा बोल दिया था। हाथियों के झुंड ने तोड़फोड़ करने के साथ एक बुजुर्ग ग्रामीण की भी जान ली थी।
हालांकि दूसरे दिन भी हाथियों के झुंड ने इसी इलाके में दस्तक दी थी, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया था। इधर दो जंगली हाथी बुधवार शाम माधोटांडा क्षेत्र में जा धमके। दरअसल पूरनपुर तहसील क्षेत्र के शेरपुर कलां निवासी शफी अहमद और गयासुद्दीन नौजल्हा से बुधवार शाम घर वापस लौट रहे थे। बाइक सवार बाइफरकेशन मार्ग से गुजर रहे थे कि इस बीच साइफन के बाद दो जंगली हाथी बाइक के सामने आ गए। हाथियों को देख दोनों के होश उड़ गए। पीछे से कुछ राहगीर भी आ गए। सभी हाथियों को देखकर पीछे की ओर लौट गए। बताते हैं कि दोनों हाथी मार्ग पर ठहरने के बाद डगा गांव की ओर से खेतों में चले गए। तब कहीं जाकर मार्ग पर आवागमन शुरु हो सका। हाथियों के आने की सूचना वन महकमे को दे दी गई है।
