मैडम! मेरा पति गे है, विरोध पर पिटाई करता है... महिला आयोग की सदस्य के सामने रो पड़ी पत्नी
कानपुर। मैडम मेरा पति समलैंगिक (गे) है। वह अपने मित्र के साथ पत्नी की तरह रहता है। जब इस बात का विरोध करती हूं तो पति और ससुराल वाले मिलकर पीटते हैं। ये शिकायत गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता से सर्किट हाउस में एक पीड़िता ने कहीं।
महिला आयोग की सदस्य जनसुनवाई कर रहीं थीं। इस दौरान कई मामले उनके सामने आए, लेकिन जब यह मामला आई तो वहां मौजूद लोग भौचक रह गए क्योंकि पीड़िता दर्द बताते हुए रो पड़ी। पीड़िता ने कहा कि पति कहता है कि वह उसके साथ नहीं रह सकता है।
सुबह अनीता गुप्ता सुनवाई कर रहीं थीं। इस दौरान उन्होंने कई महिलाओं की पीड़ा सुनीं और अधिकारियों को समाधान के आदेश दिए। इस दौरान एक महिला ने हर किसी का ध्यान खींच लिया। आंखों में आंसू लिए पहुंची महिला ने कहा कि मैडम मेरे पति का पब्लिकेशन का बिजनेस है। अप्रैल 2021 में दिल्ली में शादी हुई थी।
विवाह के बाद से ही पति साथ रहने को तैयार नहीं थे लेकिन काफी दबाव के बाद वे तैयार हुए। उन दोनों का एक बच्चा है, लेकिन पति अब फिर से साथ रहने को तैयार नहीं हैं। वे पति- पत्नी का रिश्ता निभाने को तैयार नहीं हैं। एक बार उनकी जेब से कुछ आपत्तिजनक सामान मिला था तब पता चला कि उनका उनके दोस्त से समलैंगिक संबंध है। पति ने इस बात को स्वीकार किया। परिवार वाले भी उन्हीं का साथ देते हैं और विरोध पर मारपीट करते हैं। अनीता गुप्ता ने इस मामले में महिला थाना प्रभारी से जरूरी कार्रवाई के लिए कहा।
पत्नी दुबली, साथ रहने को तैयार नहीं पति
घंटाघर निवासी एक महिला ने बताया कि उसका विवाह 2022 में जालौन में हुआ था। पति कपड़े के कारोबारी हैं। उनका कोई बच्चा नहीं है। पति कहते हैं कि तुम दुबली हो इसलिए बच्चे नहीं हो रहे हैं। इसलिए तलाक दे दो।
21 मामलों की हुई सुनवाई
इस दौरान आयोग की सदस्य ने 21 मामलों की सुनवाई की। इनमें ज्यादातर मामले घरेलू हिंसा के थे। अनीता गुप्ता ने प्रत्येक मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही समय से आख्या उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी अन्याय की स्थिति में निर्भीक होकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
ये अधिकारी मौजूद रहे
इस अवसर पर एडीसीपी डॉ. अर्चना, अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) ऋतु प्रिया, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह, जिला दिव्यांगजन अधिकारी विनय उत्तम, महिला थाना प्रभारी कमर सुल्ताना उपस्थित रहीं।
बाल संरक्षण गृह का निरीक्षण किया
अनीता गुप्ता ने बाल संरक्षण गृह (बालिका), ख्योरा का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की स्वच्छता, बालिकाओं के रहने, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों से कहा कि संस्थान में निवासरत बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान किया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इसके बाद उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन) तथा जिला कारागार का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला वार्ड, प्रसूति गृह, औषधि वितरण कक्ष आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कारागार निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों के लिए बनाए गए भोजन का स्वाद भी लिया तथा भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
