Bareilly: एक करोड़ की मार्फिन और 40 लाख की अफीम पकड़ी...पांच तस्कर गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। यूपी और दूसरे राज्यों तक फैले नशा तस्करी गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। गिरोह के दो शातिरों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास के एक करोड़ रुपये की मार्फिन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक मणिपुर से स्मैक लाकर बरेली और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। गिरोह का एक सदस्य फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने जिन तस्करों को पकड़ा उनमें ग्राम ताजपुर नवदिया थाना भमौरा के रहने वाले भूपराम और प्रमोद शामिल है। पूछताछ पता चला कि भूपराम और प्रमोद की मुलाकात कुछ समय पहले दातागंज बदायूं में नवनीत नाम के शख्स से हुई थी। नवनीत पहले भी नशा तस्करी के आरोप में पहले भी जेल जा चुका है। मजदूरी करने वाले प्रमोद और भूपराम को नवनीत ने ही सब्ज बाग दिखाकर नशा तस्करी की तरफ धकेला। उसने दोनों को मजदूरी छोड़ नशा तस्करी में पैसा लगाने को कहा। नवनीत दोनों के साथ मणिपुर से मार्फिन क्रूड पाउडर के रूप में लाते हैं। मणिपुर में ये आसानी से मिल जाती है। इसकी मांग बरेली और आसपास के जिलो में काफी है। ये लोग क्रूड पाउडर और अफीम मिलाकर स्मैक तैयार करते थे।
दो बार मणिपुर से थोड़ा- थोड़ा माल लाकर बरेली चुके थे। जिससे काफी मुनाफा हुआ। भूपराम, प्रमोद और नवनीत तीनों ने मिलकर नशे की कमाई से खूब ऐश किया। इस बार भी एक ग्राहक से तीनों की डीलिंग चल रही थी। शुक्रवार की देर रात ग्राहक आने वाला था, जिसका ये लोग इंतजार कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली तो धाबा बोल दिया। सतीपुर के पास से भूपराम और प्रमोद को पकड़ा। जबकि नवनीत मौके से फरार हो गया। तस्करों के पास से पुलिस ने 01 किलो 11ग्राम अवैध मार्फिन बरामद की। जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपये है। फरार नवनीत की पुलिस तलाश कर रही है।
पंजाब बेचने जा रहे थे अफीम पुलिस ने पकड़ा
बरादरी पुलिस ने अफीम की तस्करी करने वाले ग्राम ढका थाना विशारतगंज के रहने वाले राजेश और सतीश समेत सतेन्द्र निवासी ग्राम ताजपुर नवदिया थाना भमौरा को गिरफ्तार किया। इनके पास से कुल 01 किलो 657 ग्राम अफीम बरामद हुई जिसकी बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई। एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं, मजदूरी में कमाई नहीं होने की वजह से झारखण्ड से अफीम लाकर कॉम्पलान आदि मिलाकर पंजाब में बेचने का धंधा शुरू किया। ग्राहक ढूंढने का काम सतेन्द्र करता है। सतीश कश्यप और राजेश कश्यप झारखंड से अजय सिंह के साथ मिलकर अफीम लाने का काम करते थे। शुक्रवार को डोहरा चौराहे डबल डेकर बस पकड़कर पंजाब अफीम बेचने की तैयारी में थे। मगर पुलिस ने पकड़ लिया। अजय मौके से फरार हो गया।
