UP: अगले दिन होनी थी रिहाई...मगर घर पहुंची कैदी के मौत की खबर, परिवार सदमे में आया
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र स्थित सेंट्रल जेल में बदायूं के थाना बिनावर क्षेत्र के गांव वृंदावन निवासी कैदी महेंद्र (58) की शुक्रवार को मौत हो गई। महेंद्र दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहा था।
भाई बेचेलाल ने बताया कि महेंद्र ढाई साल से बदायूं जेल में पॉस्को एक्ट के मामले में सजा काट रहा था। दो दिन पहले उसे बरेली सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था और सजा पूरी होने पर शनिवार को उसकी रिहाई होनी थी। परिजनों के अनुसार शनिवार को सुबह जेल प्रशासन से सूचना मिली कि महेंद्र की मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग बरेली पहुंचे और जेलर पर लापरवाही के आरोप लगाए। बेचेलाल ने कहा हमारा परिवार सदमे में है। जेल प्रशासन की जिम्मेदारी थी कि उनका पूरा ध्यान रखा जाए। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। महेंद्र के परिवार में पत्नी और छह बच्चे हैं।
