दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा...बाप के कट गए पैर और बेटे को गवानी पड़ी जान
सहसवान, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के ग्राम गढ़ी रिसौली निवासी अजय (22) अपने पिता धर्मेंद्र, रामवीर पुत्र बुद्धि के साथ भांजे के रिश्ते के लिए बाइक से बिसौली-सहसवान मार्ग होते हुए नगर के मोहल्ला अकबराबाद जा रहे थे।
कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर के पास सहसवान की ओर से तीव्र गति से आ रहे ट्रक यूपी 81 सीटी 2199 ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उनके पिता धर्मेंद्र के पैर कट गए। बुद्धि की हालत भी गंभीर है।
तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने अजय की मौत घोषित कर दी। वहीं दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर परिजनों में चीत्कार मच गया।
