अपने क्षेत्र में फर्जी वोटर पहचानें, शिकायत करें... भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोले ब्रजेश पाठक
विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में बीएलए व बूथ अध्यक्षों की कार्यशाला आयोजित
लखनऊ, अमृत विचार: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मतदाता सूची का अध्ययन करें। अपने क्षेत्र के फर्जी वोटरों को पहचानें और उनकी शिकायत करें। व्यापक स्तर पर विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान आयोजित किया जा रहा है। उप्र. विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ता अभी से तैयारियों में जुट जाएं। प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटि मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चल रहा है। बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण ले रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री शनिवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के बीएलए और बूथ अध्यक्षों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। मतदाताओं को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट या बिजली के बिल जैसे मान्य दस्तावेज जमा करने होंगे। भाजपा इस अभियान में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए पूरा सहयोग कर रही है। फर्जी और घुसपैठिए मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा एक परिवार है, लेकिन यह किसी की पारिवारिक पार्टी नहीं है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे जिलाध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के पद पर रहे और आज देश के रक्षामंत्री हैं। जबकि कांग्रेस और सपा में परिवारवाद चलता है।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के संयोजक मान सिंह, विनायक पांडे, अनुराग साहू एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
