वाराणसी : प्रेमी ने की प्रेमिका का गला दबाकर मारने की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी में पुलिस ने प्रेमिका का गला दबाकर मारने की कोशिश करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को लंका थाना क्षेत्र के मलहिया इलाके में एक गेस्ट हाउस में रविवार को एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवती को बचा लिया।

पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर युवती को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। जांच में पता चला कि युवती के प्रेमी ने ही गला दबाकर मारने की कोशिश की और फिर मौके से भाग गया।

पुलिस के अनुसार, युवती सोनभद्र के पन्नुगंज की रहने वाली है। पड़ोस में ही रहने वाले युवक मनीष कुशवाहा के साथ अंजलि का तीन-चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की शादी के लिए परिजनों की रजामंदी नहीं थी। दोनों सोनभद्र से भागकर शनिवार को वाराणसी आ गये और एक गेस्ट हाउस ठहरे । युवक को अपनी प्रेमिका पर शक था कि उसका प्रेम प्रसंग कहीं और भी चल रहा है। उसने मौका देखकर अंजलि का शनिवार रात को गला दबा दिया और मरा समझकर खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाया।

इसके बाद उसने घटना की जानकारी रविवार सुबह अपने कुछ परिजनों को दी। परिजनों ने स्थानीय ग्राम प्रधान को जानकारी दी। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सोनभद्र दुद्धी के ग्राम प्रधान द्वारा लंका पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। लंका पुलिस की टीम ने तत्काल गेस्ट हाउस पहुंचकर दरवाजा तोड़कर युवती को बीएचयू में भर्ती कराया।

बताया जा रहा है कि युवक अवसाद में था और लखनऊ में भी आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। प्रधान ने ही उसे समझाया कि गोमती नगर थाने में जाकर सच्चाई बता दे, पुलिस उसकी मदद जरूर करेगी। युवक ने खुद जाकर गोमती नगर थाने में सारी सच्चाई बता दी। युवक हिरासत में है, वाराणसी पुलिस उसे लेकर आ रही है।

संबंधित समाचार