Ayodhya News: अब शशिकांत के पास पहुंचा RSS का शताब्दी स्मारक सिक्का, कहा- आरएसएस की सौ वर्षों की यात्रा का प्रतीक
-यह मंडल का पहला सिक्का, शुद्ध चांदी से निर्मित सिक्के का वजन है 40 ग्राम
अयोध्या, अमृत विचार: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने पर जारी किया गया विशेष स्मारक सिक्का अब अयोध्या मंडल में भी पहुंच गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किया गया यह अनोखा सिक्का शुद्ध चांदी से निर्मित है और इसका वजन 40 ग्राम है। अयोध्या जिले के निवासी शशिकांत तिवारी ने इसे मुंबई टकसाल से ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाया। इसकी कीमत लगभग साढ़े 11 हजार रुपये बताई जा रही है। शशिकांत ने दावा किया है कि अयोध्या मंडल में यह सिक्का पाने वाले वह पहले व्यक्ति हैं। अभी तक देश में मात्र दो हजार लोगों ने ही इस सिक्के को खरीदा है।
शशिकांत ने बताया कि उन्होंने 23 अक्टूबर को इंडिया गवर्नमेंट मिंट की आधिकारिक वेबसाइट से यह सिक्का ऑर्डर किया था, जो 8 नवंबर को उनके पास पहुंच गया। शशिकांत के अनुसार, यह सिक्का न केवल संग्रहणीय वस्तु है, बल्कि आरएसएस की सौ वर्षों की यात्रा का प्रतीक भी है। वे खुद एक उत्साही सिक्का संग्राहक हैं। उनके पास रिपब्लिक इंडिया, ब्रिटिश काल और प्राचीन काल के लगभग 200 दुर्लभ सिक्के मौजूद हैं। उनके दिवंगत पिता स्वर्गीय सुरेश तिवारी भी प्रसिद्ध सिक्का संग्राहक थे, जिनकी विरासत को शशिकांत आगे बढ़ा रहे हैं।वे गैर-सरकारी संस्थान ‘राष्ट्रीय मुद्रा परिषद’ से भी जुड़े हुए हैं। शशिकांत अयोध्या में मधुसूदन स्कूल के पास टीचर्स कॉलोनी में रहते हैं।
