Lucknow News: छह दिवसीय ‘जनजाति भागीदारी उत्सव’ 13 से... इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा उत्सव, PM-CM रहेंगे मौजूद
लखनऊ, अमृत विचार : लोकनायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में 13 से 18 नवंबर तक “राष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव” का आयोजन किया जाएगा। “जनजाति गौरव दिवस” के अंतर्गत आयोजित होने वाले भागीदारी उत्सव में सोनभद्र में 15 नवंबर को आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने सोमवार को लोकभवन में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में दी। पर्यटन मंत्री ने बताया कि लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले इस उत्सव में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की झलक दिखेगी। वर्ष 2022 से केंद्र सरकार ने बिरसा मुंडा जयंती को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि उत्सव में 18 राज्यों के लगभग 600 जनजातीय कलाकार अपने पारंपरिक नृत्य, गीत, और वाद्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश देंगे। इस आयोजन में अरुणाचल प्रदेश भागीदार राज्य के रूप में सहभागी रहेगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि उत्सव में जनजातीय हस्तशिल्प, हथकरघा, लोक चित्रकला, आभूषण, पारंपरिक व्यंजन और वन उत्पादों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके साथ ही जनजातीय लोककला कार्यशालाएं, फोक टेल्स सत्र, पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं, तथा क्षेत्रीय व्यंजन प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह उत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज को आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक संरक्षण देगा।
इस मौके पर निदेशक समाज कल्याण कुमार प्रशांत, निदेशक लोककला एवं जनजाति संस्कृति संस्थान अतुल द्विवेदी सहित संस्कृति एवं समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
