Eid-ul-Fitr 2026: ईद का चांद नजर न आने की सूरत में चांद कमेटियों का होगा अंतिम फैसला-जानिए कब देखा जाएगा चांद
लखनऊ, अमृत विचार। खगोल शास्त्र की गणना के अनुसार ईद-उल-फितर पूरे देश में आगामी 21 मार्च (शनिवार) मनाई जाएगी। ईद का चांद शुक्रवार 20 मार्च को देखा जाएगा और ईद-उल-फितर की नमाज अगले दिन 21 मार्च को पढ़ी जाएगी। मौलाना डॉ. कल्बे सादिक के पुत्र मौलाना डॉ. कल्बे सिब्तैन नूरी ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी एक बार फिर स्पष्ट किया जा रहा है कि किसी भी तरह के विरोधाभास होने की सूरत में चांद कमेटियों का फैसला ही अंतिम माना जाएगा।
चांद कमेटियों के ओलेमा से भी गुजारिश है कि यह एआई का जमाना है, जिसमें किसी भी शहर या इलाके में चांद दिखने की फोटो या वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल करना आसान है। इसलिए 29 रमज़ान को बहुत सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इस साल शिया समुदाय अपने धार्मिक रहबर आयतुल्लाह अली खामेनाई और दूसरे बेगुनाह नागरिकों की शहादत की वजह से ईद बहुत सादगी के साथ मनाएगा और ईद की नमाज और जकात-उल-फित्र की अदायगी के अलावा किसी भी तरह की खुशी से दूर रहेगा। ईद से पहले ईद की तारीख़ का एलान करने की परम्परा पदम् भूषण मौलाना डॉ. कल्बे सादिक ने सन 1996 में डाली थी। ये सिलसिला उसी के बाद से जारी है।
