‘शी-बॉक्स’ से करें कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायत, महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की बड़ी पहल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘शी-बॉक्स’ ( सेक्सुअल हरेशमेंट इलेक्ट्राॅनिक बाक्स) पोर्टल एक सुरक्षित और गोपनीय ऑनलाइन मंच उपलब्ध करा रहा है। यह पोर्टल वर्ष 2013 के पॉश (पीओएसएच) अधिनियम के तहत संचालित है और निजी तथा सरकारी दोनों क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं के लिए उपयोगी है।

महिला कल्याण निदेशक वंदना वर्मा ने बताया कि शी-बॉक्स पोर्टल के माध्यम से महिलाएं घर बैठे ही ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस पोर्टल की खास बात यह है कि शिकायतकर्ता की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और शिकायत सीधे संबंधित प्राधिकरण तक पहुंचती है, जिससे समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि यह पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं इसका उपयोग कर सकें। शिकायत दर्ज करने के लिए महिलाओं को सबसे पहले शी-बॉक्स की आधिकारिक वेबसाइट https://shebox.wcd.gov.in पर जाकर ‘रजिस्टर योर कंप्लेंट’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद उन्हें अपनी व्यक्तिगत जानकारी और कार्यस्थल से संबंधित विवरण भरकर शिकायत सबमिट करनी होगी। शिकायत दर्ज होने के बाद एक ट्रैकिंग नंबर मिलता है, जिसके माध्यम से शिकायत की स्थिति की जानकारी ली जा सकती है।

संबंधित समाचार