दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद दुनियाभर ने जताया शोक, श्रीलंका, मालदीव और नेपाल बोला-दुःख की घड़ी में भारत के साथ हैं हम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कोलंबो/काठमांडू। श्रीलंका, मालदीव और नेपाल ने भारत की राजधानी दिल्ली में हुए विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की जान जाने और कई अन्य के घायल होने पर मंगलवार को गहरा दुख जताया। सोमवार शाम को, दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धीमी गति से चल रही एक कार में यह शक्तिशाली विस्फोट हुआ। 

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि उन्हें विस्फोट में लोगों की मौत पर गहरा दुख हुआ है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। मालदीव इस कठिन समय में भारत के लोगों और सरकार के साथ खड़ा है।” 

नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। नेपाल दुख की इस घड़ी में भारत के साथ एकजुट है।” 

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली में कल रात हुए विस्फोट की खबर से गहरा दुख हुआ। श्रीलंका भारत के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावितों के साथ हैं।” 

श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने भी भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, “दिल्ली में कल रात हुए विस्फोट से गहरा दुख हुआ। श्रीलंका भारत के लोगों के साथ एकजुटता में खड़ा है। हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावितों के साथ हैं।” 

श्रीलंका में नेता प्रतिपक्ष सजित प्रेमदास ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि सभी को “आतंकवाद के इस जघन्य दुष्प्रभाव को समाप्त करने के लिए एकजुट होना चाहिए।” उन्होंने कहा, ‘‘ इस कायराना हमले से प्रभावित हुए लोगों के प्रति हमारी संवेदना है।

श्रीलंका में नेता प्रतिपक्ष सजित प्रेमदास ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि सभी को “आतंकवाद के इस जघन्य दुष्प्रभाव को समाप्त करने के लिए एकजुट होना चाहिए।

चीन ने दिल्ली में हुए विस्फोट पर दुख व्यक्त किया

चीन ने दिल्ली में हुए विस्फोट पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, "हम इस घटना से स्तब्ध हैं।" उन्होंने लोगों की मृत्यु पर शोक प्रकट किया और मृतकों तथा घायलों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी चीनी नागरिक के हताहत होने की खबर नहीं है। सोमवार शाम दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में अब तक 12 लोगों के मारे जाने और 20 अन्य के घायल होने की जानकारी है। 

अमेरिका बनाये रखे हैं नजर 

इस घातक विस्फोट पर संवेदना व्यक्त करते हुए, अमेरिका ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। विदेश विभाग के दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नयी दिल्ली में हुए भयानक विस्फोट से प्रभावित लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।’’ 

आयरलैंड ने पीड़ित परिजनों के प्रति जताया शोक

आयरलैंड के उप-प्रधानमंत्री साइमन हैरिस ने कहा कि दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी संवेदनाएं इस हमले में मारे गये लोगों के परिवारों, घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं। इस कठिन समय में हम भारत के लोगों और सरकार के साथ अपना पूरा समर्थन एवं एकजुटता व्यक्त करते हैं।’’ 

आतंकवाद के खिलाफ इस्राइल आया साथ 

इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भारत के लोगों, विशेषकर विस्फोट में मारे गए निर्दोष लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इजराइल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।’’ 

ईरान ने दिल्ली में विस्फोट की घटना पर शोक व्यक्त किया

ईरान ने दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट की घटना पर शोक व्यक्त किया। इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गयी और कई लोग घायल हुए। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकेई ने भारत सरकार और जनता, विशेषकर मृतकों के परिवारों के प्रति ईरान की ओर से संवेदना व सहानुभूति व्यक्त कीउन्होंने इस दुखद घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

 
ये भी पढ़े :  
व्यापार वार्ता सुलझाने भारत आ रहे ट्रंप! पीएम मोदी को बताया अच्छा नेता...बोले-रूस से काफी हद तक कम किया तेल खरीदना  

संबंधित समाचार