उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए UP को मिला "बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान अवार्ड 2024" ,

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। नई दिल्ली में आयोजित उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार (डीपीआईआईटी) की राष्ट्रीय बैठक में उत्तर प्रदेश को "बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान अवार्ड 2024" से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' को प्रदान किया। 
उत्तर प्रदेश को यह पुरस्कार व्यवसाय केंद्रित सुधारों के तीन प्रमुख क्षेत्रों बिजनेस एंट्री, श्रम विनियमन समर्थक नीति और भूमि प्रशासन में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया है।

नन्दी ने कहा "औद्योगिक नीतियों के क्रियान्वयन में परफेक्शन ने निवेशकों का परसेप्शन बदला है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित है, और इसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद अहम है। बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय औद्योगिक उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में "टॉप अचीवर्स" श्रेणी में स्थान मिला था, जबकि 2022, 2023 और 2024 में लॉजिस्टिक परफॉर्मेंस इंडेक्स में भी प्रदेश "अचीवर्स" रहा। वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश ने गुड गवर्नेंस इंडेक्स में प्रथम तथा एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।"

गौरतलब है कि राज्य ने पिछले कुछ वर्षों में निवेशकों के लिए सुगम, पारदर्शी और अनुकूल औद्योगिक वातावरण तैयार किया है। 'निवेश मित्र' सिंगल विंडो पोर्टल, 30 से अधिक सेक्टोरल नीतियां, उद्यमी मित्रों की नियुक्ति, और 'इन्वेस्ट यूपी' की सक्रिय भूमिका जैसे कदमों ने उत्तर प्रदेश को देश के सबसे इन्वेस्टमेंट-फ्रेंडली राज्यों में शामिल कर दिया है।

संबंधित समाचार