UP News: हमारा विजन इंडिया इनोवेशन, कोलैबोरेशन और प्रोग्रेस का प्रतीक, अखिलेश यादव ने विजन इंडिया का रखा प्रारूप
लखनऊ, अमृत विचार: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को ‘विजन इंडिया’ का प्रारूप रखते हुए कहा कि देश में विभाजनकारी और पुरातनपंथी ताकतों से निबटने के लिए नई सोच और प्रगतिशील इरादों के साथ युवा भारत को आगे लाना है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के सोच में सहिष्णुता प्रेम और सम्मान है। वह दयालु और प्रगतिपंथी है।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि विजन इंडिया, स्टार्टअप समिट की पहली बैठक इस वर्ष 16 नवंबर को ताज बंगलोर, बेंगलुरू, कर्नाटक में होगी। इसके मुख्य समन्वयक राजीव राय सांसद होंगे और मुख्य संयोजक पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र होंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारत एक ऐसा देश बन गया है, जहां लोगों को हर कदम पर मुश्किलों और संघर्षों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं का समाधान करने के लिए हमने एक रास्ता सोचा है विजन इंडिया, जो हमें एक सकारात्मक, यथार्थवादी, प्रगतिशील भविष्य की ओर ले जाएगा। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय लखनऊ में पत्रकारों से वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि स्टार्टअप योजना की शुरुआत उत्तर प्रदेश से सपा सरकार में हुई थी।
इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव राष्ट्रीय महासचिव, माता प्रसाद पांडेय नेता विरोधी दल विधानसभा, लाल बिहारी यादव नेता विपक्ष विधान परिषद, राजीव राय सांसद, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल आदि की मौजूदगी रही।
