डिफेंस एक्सपो के आस-पास तिरंगा लाइटों से सजाए जाएंगे मुख्य मार्ग, नगर निगम और एलडीए मिलकर करेंगे लाइटिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मार्ग प्रकाश विभाग खराब स्ट्रीट लाइटें कर रहा रिपेयर, नई लाइटें भी लगेंगी

लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो स्थल और आस-पास तिरंगा लाइटों से सजाएगा। 23 से 29 नवंबर तक वृंदावन योजना में प्रस्तावित जंबूरी कार्यक्रम के लिए स्थल और आस-पास मुख्य मार्गों और चौराहों को रंगबिरंगी लाइटों से जगमग किया जाएगा। नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग ने क्षेत्र में पोलों की पेंटिंग का काम शुरू कर दिया है। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटें युद्धस्तर पर रिपेयर की जा रही हैं। जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं वहां नई लगाई जाएंगी। मुख्य अभियंता आरआर मनोज प्रभात ने बताया कि नगर निगम और एलडीए शहर में जगह-जगह तिरंगा लाइटें लगाएगा। कहीं भी अंधेरा न रहे इसके लिए खराब स्ट्रीट लाइटें बदलने का काम चल रहा है।

फूलों के बिस्तर खुशबू से महकेंगे

स्थल के आस-पास मुख्य मार्गों को रंगबिरंगे फूलों और गमलों से सजाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम का उद्यान विभाग शहीद पथ मोड़ से स्थल तक 45 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर फूलों के बिस्तर लगाएगा। इनमें रंगबिरंगे सीजनल फूल खुशबू महकाएंगे। इसके अलावा डिवाइडर को गमलों से सजाया जाएगा। उद्यान विभाग ने पेड़ों की कटाई-छंटाई का काम शुरू कर दिया है।

नगर निगम और एलडीए मिलकर डिफेंस एक्सपो स्थल के आस-पास एवं मुख्य मार्गों को तिरंगा लाइटों से सजाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र की खराब स्ट्रीट लाइटें रिपेयर की जा रही हैं। जहां लाइटें गायब हैं वहां नई लगाई जाएंगी।

मनोज प्रभात, मुख्य अभियंता आरआर विभाग, नगर निगम

संबंधित समाचार