मुरादाबाद: दूसरे समुदाय के युवक से निकाह करने वाली विवाहिता ने दर्ज कराए बयान
मुरादाबाद,अमृत विचार। धर्म परिवर्तन कर दूसरे समुदाय के युवक से निकाह करने वाली विवाहिता के जबरन गर्भपात कराने की अफवाह का मामला सोमवार को भी काफी गर्म रहा। हालात यह हो गए कि बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष ने महिला अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। मालूम हुआ कि महिला सात सप्ताह से गर्भवती …
मुरादाबाद,अमृत विचार। धर्म परिवर्तन कर दूसरे समुदाय के युवक से निकाह करने वाली विवाहिता के जबरन गर्भपात कराने की अफवाह का मामला सोमवार को भी काफी गर्म रहा। हालात यह हो गए कि बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष ने महिला अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। मालूम हुआ कि महिला सात सप्ताह से गर्भवती है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं। इसके बाद पुलिस ने महिला को बयान दर्ज कराने के लिए सीजेएम कोर्ट में पेश किया। बाद में फिर उसे महिला अस्पताल भेज दिया गया। थी।
रविवार को उड़ी थी नारी निकेतन में जबरन गर्भपात कराने की अफवाह
दरअसल यह मामला करीब नौ दिन पहले कांठ कस्बे में पकड़ में आया था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि एक युवती धर्म परिवर्तन कर दूसरे समुदाय के युवक से निकाह करने के लिए तहसील पहुंची है। सूचना पर बद कार्यकर्ताओं ने युवती को तहसील पर रोक लिया, जबकि उसके साथ आया युवक मौका पाकर फरार हो गया था। पूछताछ करने पर युवती ने बताया कि वह बिजनौर जिले के गांव दारागंज की रहने वाली है।
उसने बताया कि वह देहरादून में रहकर पढ़ाई करती थी। जहां पर उसकी मुलाकात कांठ के मोहल्ला पृथ्वी गंज के निवासी राशिद से हुई, जो देहरादून में एक पार्लर में काम करता था। युवती के अनुसार वह राशिद से प्रेम करने लगी और करीब पांच माह पहले उसने धर्म परिवर्तन करके देहरादून में राशिद से निकाह कर लिया था। युवती का दावा था कि वह करीब पांच माह से कांठ में रह रही है। अगले दिन युवती की मां की तहरीर पर कांठ थाने में राशिद व उसके भाई सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि विवाहिता को नारी निकेतन भेज दिया गया था। रविवार को अफवाह उड़ी कि विवाहिता का नारी निकेतन में जबरन गर्भपात कर दिया गया।
महिला अस्पताल पहुंचे बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष
रविवार को अफवाह उड़ने के बाद बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। जिस पर पुलिस की मौजूदगी में विवाहिता को महिला अस्पताल भर्ती कराया गया था। सभी मेडिकल टेस्ट होने के बाद गर्भपात कराने के बाद यह अफवाह निकली। हालांकि सोमवार को भी मामला काफी गर्म रहा। जिस पर डा. विशेष गुप्ता ने महिला अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद महिला को बयान दर्ज कराने के लिए सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। देर शाम महिला को वापस अस्पताल भेज दिया गया।
महिला अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली गई। बताया गया है कि महिला सात सप्ताह की गर्भवती है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य है। इसके बाद महिला को बयान के लिए कोर्ट में पेश किया गया है।- डा. विशेष गुप्ता, ध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग
