UP: लकड़ियों के ढेर में मिला बुजुर्ग का अधजला शव...घर के बाहर सोने निकले थे दयाराम, गांव में फैली दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कांट/शाहजहांपुर, अमृत विचार। कांट थाना क्षेत्र के गांव पटियारी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब घर से कुछ दूरी पर एक बुजुर्ग का अधजला शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव के पास उसकी चप्पल और स्वेटर भी पड़े थे। मृतक की पहचान 70 वर्षीय दयाराम के रूप में हुई है, जो खेती बाड़ी कर परिवार के साथ रहते थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दयाराम रोज की तरह मंगलवार शाम 9 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर झोपड़ी में सोने के लिए चले गए थे। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जब परिवार वाले उठे तो उन्होंने देखा कि उनकी चारपाई खाली पड़ी है। आसपास तलाश करने पर घर के पीछे लकड़ियों के ढेर में उनका अधजला शव पड़ा मिला। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को लकड़ी के ढेर से बाहर निकलवाया और पास में पड़े स्वेटर व चप्पल को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच कर नमूने लिए।

पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो गांव वालों ने दबी जुबान में बताया कि रात में मृतक के घर से झगड़े की आवाजें आ रही थीं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि झगड़ा किससे हुआ था। मृतक के बेटे सुशील और रामबरन ने बताया उनके पिता मंगलवार रात को खाना खाकर घर के बाहर सोने चले गए थे। सुबह जब देखा तो उनका शव अधजली अवस्था में मिला। परिवार ने बताया कि उन्हें यह नहीं पता कि दयाराम कैसे जले। मृतक की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

हादसा या साजिश हो रही चर्चा
बजुर्ग की मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गांव में गर्म रहा। पोस्टमार्टम हाउस पर भी चर्चा होती रही कि आखिरकार बुजुर्ग कैसे जल गया। हादसा, साजिश और आत्महत्या की बातें तैरती रहीं। किसी ने कहा कि वृद्ध का कुछ लोगों ने विवाद हो गया था। जिसके चलते उन्होंने खुद को आग लगा ली। जिससे उनकी मौत हो गई।

 

संबंधित समाचार