सरोजिनी नायडू पार्क के पास बनेगा नया विहित प्राधिकारी न्यायालय भवन...एलडीए कराएगा निर्माण,विहित प्राधिकारी के साथ बैठेगी प्रवर्तन टीम 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : हजरतगंज में स्थित सरोजिनी नायडू पार्क के पास लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) विहित प्राधिकारी न्यायालय का नया भवन बनाएगा। यहां पर सिस गोमती व ट्रांस गोमती के विहित प्राधिकारी के साथ सभी प्रवर्तन जोन की टीमें बैठेंगी। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को स्थल निरीक्षण कर एक वर्ष में भवन निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने बताया कि विहित प्राधिकारी न्यायालय लालबाग स्थित प्राधिकरण के पुराने कार्यालय में संचालित है। वहां अवैध निर्माण व प्लाटिंग से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई होती। प्राधिकरण के सभी प्रवर्तन जोन की टीम इसी कार्यालय में बैठती हैं। कुछ महीने से लालबाग कार्यालय में फैमिली कोर्ट शिफ्ट होने से विहित प्राधिकारी न्यायालय के रुटीन कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

इसे ध्यान में रखते हुए हजरतगंज में सरोजिनी नायडू पार्क के पास खाली पड़ी 11,300 वर्गफीट भूमि पर विहित प्राधिकारी न्यायालय के लिए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। तीन मंजिल की बिल्डिंग साढ़े पांच करोड़ रुपये से तैयार की जाएगी। इसमें स्टिल्ट पार्किंग दी जाएगी।

प्रथम तल पर होगा न्यायालय, तीसरे पर प्रवर्तन कार्यालय

तीन मंजिल बिल्डिंग के प्रथम तल पर सिस गोमती व ट्रांस गोमती के विहित प्राधिकारी का न्यायालय होगा। दूसरी मंजिल पर पेशकार व सम्बंधित स्टॉफ बैठेगा। जबकि, तीसरे तल पर प्रवर्तन जोन में तैनात अवर अभियंता व सहायक अभियंताओं के लिए कार्यालय निर्मित किये जाएंगे। प्रत्येक फ्लोर पर रिकॉर्ड रूम, स्टोर व ट्ायलेट बनाये जाएंगे।

सीजी सिटी के 16 एकड़ में बन रहा 22 करोड़ से पार्क

एलडीए की सीजी सिटी के दक्षिणी भाग में एक और नया पार्क बना रहा है। 16 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में फैले इस पार्क को विकसित करने में लगभग 22 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। उपाध्यक्ष ने ग्रीन बेल्ट में कराये जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। पार्क में जल्द पाथ-वे का निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये। कहा कि ग्रीन बेल्ट में पहले से लगे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाये बिना समस्त निर्माण कार्य पूर्ण कराये जाएं।

ये भी पढ़े :
Delhi Blast:  दिल्ली ब्लास्ट का नया CCTV, एक झटके में मच गयी अफरातफरी ...वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर

संबंधित समाचार