UP: मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में प्रपत्र भरवाने की बढ़ी रफ्तार...बीएलओ से मतदाता कर रहे संपर्क
बरेली, अमृत विचार। शहर में चल रही एसआईआर (सर्वे ऑफ इलेक्टर्स रजिस्ट्रेशन) प्रक्रिया रफ्तार पकड़ रही है। खासकर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में लोग स्वयं आगे बढ़कर अपने कागजों की जांच और गणना प्रपत्र भरवाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। बाकरगंज, दिलेरी खां, इमामबाड़ा और आसपास की गलियों में सुबह से ही भीड़ का आलम देखने को मिल रहा है। यहहां हर घर से लोग अपने दस्तावेज लेकर बीएलओ से संपर्क करते नजर आते हैं।
पर्यवेक्षक हरीश बाबू शर्मा ने मंगलवार को बाकरगंज क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ के कार्य की प्रगति जांची और फीडिंग तथा रिकॉर्ड अपडेट की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि लोगों में जागरूकता का स्तर पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है। अब वे न केवल खुद प्रपत्र भरवा रहे हैं, बल्कि अपने परिजनों और पड़ोसियों को भी नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मौके पर मौजूद बीएलओ ने बताया कि जैसे ही वे किसी गली या मोहल्ले में गणना प्रपत्र लेकर पहुंचते हैं, लोग खुद आगे आकर अपने और अपने परिवार के दस्तावेज प्रस्तुत करने लगते हैं। कई स्थानों पर तो भीड़ इतनी बढ़ गई कि टीमों को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर काम करना पड़ा।
पर्यवेक्षक हरीश शर्मा ने टीमों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में जोड़ा जाए और पात्रता जांच में पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी घर या व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में सही और अद्यतन जानकारी होना जरूरी है, जिससे मतदान के अधिकार का सही उपयोग हो सके। बाकरगंज सहित अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में जिस उत्साह के साथ लोग एसआईआर गणना में भाग ले रहे हैं, उसने प्रशासनिक टीमों का मनोबल बढ़ा दिया है।
