Bareilly: शाहबाद मोहल्ला में सरकारी जमीन पर बने अवैध आवास होंगे ध्वस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में हुए बवाल के बाद नगर निगम सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों को लगातार चिन्हित कर रहा है। इसी क्रम में बीते दिनों वार्ड 54 के अंतर्गत भूड़ स्थित शाहबाद में सरकारी भूमि पर बने 27 आवासों और दुकानों पर निगम ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

दरअसल, शाहबाद में सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जे की शिकायत पार्षद शालिनी जौहरी ने की थी। उन्होंने निगम को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि सरकारी स्कूल और धार्मिक स्थल की जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। इस शिकायत पर निगम ने तत्काल सर्वे कर भूमि का मापन और सत्यापन कराया। जांच में 27 अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जा चुका है। इनमें कई दुकानें, मकान और खाली प्लॉट शामिल हैं। इनको नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं।

नावल्टी पर बनी दुकानें अवैध, निगम में कोर्ट में रखा पक्ष
नावल्टी चौराहे के निकट स्थित पहलवान साहब की मजार परिसर में बनी 68 दुकानों को निगम ने सील किया है। निगम का दावा है कि ये दुकानें सरकारी जमीन पर बनी हैं और अवैध हैं। दूसरे पक्ष ने यह दावा किया है कि जमीन वक्फ की है, लेकिन नगर निगम ने कोर्ट और शासन में रिपोर्ट प्रस्तुत कर साफ किया है कि उक्त भूमि नगर निगम की संपत्ति है।

निगम की भूमि पर हुए अवैध कब्जे को लेकर चिन्हांकन किया जा रहा है। जिन्होंने कब्जे कर रखे हैं उन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं। चिह्नित स्थलों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त

 

संबंधित समाचार