बाराबंकी में बड़ा हादसा : अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ भीषण धमाका, दो लोगों के उड़े चीथड़े, मची चीख पुकार
टिकैतनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। गुरुवार दोपहर क्षेत्र में चल रही लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए विस्फोट से दो लोगों की मौत हुई और उनके शरीर के चीथड़े उड़ गए। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हे इलाज के लिए निजी साधनों से अलग अलग भेजा गया। हादसे के काफी देर बाद तक पटाखों में धमाका होता रहा। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा आईजी अयोध्या, रूदौली विधायक, डीएम व एसपी मौके पर पहुंच गए। हादसे की फारेसिंक जांच कराई जा रही, वहीं घटना किन कारणों से हुई, इसका पता अभी तक नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरांय बरई में गुरुवार की दोपहर हुआ। इस गांव में खेतों के किनारे बने मकान से अचानक धमाके की आवाजें आनी शुरु हो गईं तो पूरा गांव दहशत में आ गया। बताया जा रहा कि सरांय बरई के ही रहने वाले मोहम्मद खालिद के नाम से पटाखा निर्माण फैक्ट्री लंबे समय से चलाई जा रही। गुरुवार को करीब एक दर्जन लोग इस घर में जमा थे। तेज धमाकों की आवाज गूंजते ही ग्रामीण एकत्र हुए तो शवों के टुकड़े खेतों में फैले नजर आए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल शुरु की। करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस तो दो घंटा विलंब से दमकल की गाड़ी पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद मृतकों व घायलों की पहचान शुरु हुई। इस हादसे में मारे गए गब्बर निवासी ग्राम खमौली व शमसुद्दीन निवासी हियातनगर के क्षत विक्षत टुकड़े ही मिले।
वहीं मोहम्मद खालिद, कल्लू व वसीर अली पुत्रगण ताहिर, सलमान पुत्र अज्ञात व निर्मल पुत्र हंसराज को निजी वाहनों से इलाज के लिए भेजा गया। इनमें खालिद काे अयाेध्या तो अन्य को जिला व निजी अस्पताल भेजा गया है। इनकी हालत गंभीर बताई जा रही। मौके पर रूदौली विधायक रामचंद्र यादव, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय आदि भी मौजूद रहे।
जांच के बाद ही सामने आएंगे कारण
सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचे आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे मे दो की मौत व पांच लोग घायल हुए हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। पूरे घटनाक्रम की फारेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे हादसे की सही वजह सामने आ सके। खालिद के पास भंडारण व विनिर्माण का लाइसेंस था।
हादसे के पीछे कारण बहुत अहम
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना ने एक बार फिर लापरवाही भरे रवैये को उजागर किया है। पटाखों के निर्माण में बरती जा रही ढिलाई या मनमानी, वजह चाहे जो भी हो पर इस तरह के हादसे पहले भी होते रहे हैं। नियम कायदों को ताक पर रखकर अधिक कमाई के फेर ने ऐसी घटनाओं को जन्म दिया है। आज के हादसे के बाद मृतकों व घायलों के परिजन पल पल की खबर लेते रहे वहीं परिवारों मे कोहराम मच गया है।
