NDA में कोई दल बड़ा या छोटा नहीं, बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष- भारी बहुमच से बनेगी सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में कोई दल बड़ा या छोटा नहीं है। 

राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 206 पर बढ़त के साथ सत्तारूढ़ गठबंधन बिहार चुनाव में भारी जीत दर्ज करने की ओर अग्रसर है। भाजपा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद (यू) से बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। जायसवाल ने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास नीति के प्रति लोगों के भारी समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों को लोगों ने पसंद किया है। उन्होंने हमें अपार जीत, अभूतपूर्व सफलता दी है। इसके लिए हम उनके प्रति सिर झुकाते हैं।” 

जब उनसे पूछा गया कि भाजपा अपने हिस्से की 101 सीटों में से 95 पर आगे है और जद (यू) 84 पर आगे है तो क्या इससे गठबंधन के भीतर संतुलन प्रभावित होगा, तो जायसवाल ने कहा, “राजग में कोई दल बड़ा या छोटा नहीं है। कृपया इसमें मत पड़िए।” उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी 2020 की तरह इस बार भी “फिर आगे” चल रही है। महिला मतदाताओं के समर्थन पर सवाल किए जाने पर उन्होंने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “लोगों ने हमें भारी जनादेश दिया है। हमें इसे विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए और उनके सामने सिर झुकाना चाहिए। यही इस समय सबसे महत्वपूर्ण है।” 

चुनावी रुझानों ने व्यापक राजनीतिक बदलाव का संकेत भी दिया। 2020 में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इस बार संघर्ष करती दिखी, कांग्रेस केवल कुछ सीटों पर आगे रही और महागठबंधन (स्थानीय तौर पर इंडिया ब्लॉक) बिखरा हुआ दिखाई दिया। राजग में जद (यू) के मजबूत प्रदर्शन 2020 के मुकाबले लगभग दोगुनी सीटों की ओर बढ़त का श्रेय कार्यकर्ताओं ने “मोदी गारंटी” और नीतीश कुमार की “अच्छे शासन-सुशासन की छाप” के मेल को दिया। उन्होंने कहा, “आज राजग बिहार की जनता को प्रणाम करता है। जनता के जनादेश से बड़ा कुछ नहीं।” 

संबंधित समाचार