मार्क जुकरबर्ग ने की भारत की तारीफ, निवेश पर मुकेश अंबानी से हुई चर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि भारत अगले दो दशकों में दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक होगा, और इस दौरान प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक हो जाएगी। उन्होंने फेसबुक के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग के साथ एक बातचीत में कहा कि भारत का मध्यवर्ग, जो …

नई दिल्ली। देश के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि भारत अगले दो दशकों में दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक होगा, और इस दौरान प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक हो जाएगी। उन्होंने फेसबुक के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग के साथ एक बातचीत में कहा कि भारत का मध्यवर्ग, जो देश के कुल परिवारों का करीब 50 प्रतिशत है, प्रति वर्ष तीन से चार प्रतिशत की दर से बढ़ेगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रमुख अंबानी ने कहा, ”मेरा मानना ​​है कि अगले दो दशकों में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में होगा।”उन्होंने कहा कि इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि देश एक प्रमुख डिजिटल समाज बन जाएगा, जिसे युवा चलाएंगे।

उन्होंने कहा, ”और हमारी प्रति व्यक्ति आय 1,800-2,000 अमरीकी डालर से बढ़कर 5,000 अमरीकी डालर हो जाएगी।” अंबानी ने कहा कि फेसबुक और दुनिया की कई दूसरी कंपनियों और उद्यमियों के पास भारत में कारोबार करने, इस आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन का हिस्सा बनने का एक सुनहरा अवसर है।

फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। भारत और रिलायंस जियो में निवेश का कारण बताते हुए मार्क जुकरबर्ग ने कहा- ‘भारत महान आर्थिक संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए फेसबुक ने यहां भारी निवेश किया है।

मार्क जुकरबर्ग ने डिजिटल की दुनिया हर दिन कैसे बदल रही है, इसपर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत की भूमिका अहम है। डिजिटलाइजेशन से व्यक्तियों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी, जिससे आने वाले दशकों में देश में समृद्धि होगी।

जुकरबर्ग ने रिलायंस इंडस्ट्रीज को अपने द्वारा संचालित प्रत्येक क्षेत्र में क्रांति लाने के प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि फेसबुक दुनियाभर के लोगों की मदद करने के लिए जियो के साथ साझेदारी के साथ काम करना चाहता है।

 

संबंधित समाचार