Bareilly : अशरफ को बिरयानी पहुंचाने वाले सद्दाम के करीबी लल्ला गद्दी पर लगा गुंडा एक्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। माफिया रहे अशरफ के साले गैंगस्टर अब्दुल समद उर्फ सद्दाम के चहेते मोहल्ला चक महमूद निवासी मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी के खिलाफ बारादरी पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई कराई है। अब जल्द ही इसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी कराई जाएगी।पुलिस ने लल्ला गद्दी जैसे दर्जनों लोगों की कुंडली तैयार की है।

सद्दाम और लल्ला गद्दी की अवैध कमाई से खरीदी गई हरुनगला स्थित 5.30 करोड़ कीमत की तीन बीघा जमीन को फरवरी में पुलिस-प्रशासन की टीम ने कुर्क किया था। जब माफिया अशरफ बरेली की जेल में शिफ्ट किया गया था, उसी समय उसका साला सद्दाम आ गया था और खुशबू एन्क्लेव में ठिकाना बनाया था। उसने बरेली में डेरा डालने के बाद अपनी एक टीम तैयार की थी, जिसमें मुख्य रूप से लल्ला गद्दी शामिल था। 

उसने अशरफ को जेल में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं और प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के पहले सभी शूटर से लेकर माफिया अतीक अहमद के बेटे से अशरफ की जेल में ही मुलाकात कराई थी। लल्ला गद्दी से लेकर अन्य लोग अशरफ के खाने के लिए बिरयानी से लेकर अन्य खाद्य पदार्थ पहुंचाते थे। लल्ला गद्दी के इशारे पर सद्दाम ने हरुनगला की जमीन में निवेश किया था। सद्दाम पर नौ और लल्ला पर चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि गैंगस्टर के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कराई गई है। जल्द ही उसे जिला बदर भी कराया जाएगा।

संबंधित समाचार