प्रतापगढ़ : रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना क्षेत्र देलहुपुर के ग्राम भवालपुर में विश्वनाथ गंज रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में रविवार को संदिग्धवस्था में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान चंद्र प्रकाश मिश्र (20) पुत्र अशोक कुमार मिश्र निवासी ग्राम रघवापुर राजापुर थाना रानीगंज जनपद प्रतापगढ़ के रुप में हुयी।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान है। राहगीरों ने शव को देख पुलिस को सूचना दी। चंद्र प्रकाश शनिवार को एक बारात में जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों ने हत्या करके शव को फेंके जाने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है मामले की जांच की जा रही है।
