अयोध्या : मतदाता सूची में नाम बढ़वाइए, गणनापत्रक की एक प्रति अपने पास रखिए
अयोध्या कार्यालय, अमृत विचार : आयोग से कराए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में मतदाता सूची में अपना नाम बढ़वाइए। गणनापत्रक की एक प्रति अपने पास सुरक्षित रखिए। पुनरीक्षण अभियान की मॉनिटरिंग तेज हो गई है। लापरवाही पर कार्रवाई हो सकती है।
मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में बीएलओ से मतदाताओं को गणना पत्रक दो प्रतियों में दिए जाने की व्यवस्था है। कुछ स्थानों से सूचना है कि बीएलओ के स्तर से मतदाताओं को गणना पत्रक केवल एक प्रति में दिया गया है, जबकि आयोग से व्यवस्था है कि प्रत्येक मतदाता को गणना पत्रक दो प्रतियों में दिया जाए। उसमें बीएलओ से हस्ताक्षर किया हुआ गणना पत्रक मतदाता को अपने पास रखना है, जिससे जरूरत पर काम आ सके, जबकि मतदाता से भरा, आईडी प्रूफ लगा, हस्ताक्षर किया हुआ गणना पत्रक दोबारा बीएलओ को वापस कर दिया जाएगा।
इसी के आधार पर मतदाता को सूची में शामिल रखने के लिए निर्वाचन विभाग से फीडिंग कराई जाएगी। एक जनवरी 2026 को 18 साल की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को मतदाता सूची में मतदाता बनने के लिए फार्म छह भरना होगा। इसके साथ वह अपना आईडी प्रूफ बीएलओ को देंगे। इसके बाद उनका नाम सूची में शामिल किया जाएगा। जो मतदाता गणना पत्र नहीं भरेंगे। उनका नाम स्वत: सूची से बाहर हो जाएगा।
गणना पत्रकों के वितरण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी से दिया गया समय 15 नवंबर को समाप्त हो गया। विभाग के मुताबिक लगभग 97 फीसदी मतदाताओं को गणना पत्रकों के वितरण किए जाने का आंकड़ा, तहसीलों से प्राप्त हो गया है। अब गणना पत्रकों की वापसी किए जाने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उदय राज पांडेय ने बताया कि मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना पत्रक दिए जाने की व्यवस्था है। ऐसा एकाध शिकायतें आई हैं कि गणना पत्र मतदाताओं को एक प्रति में दिए गए, लेकिन बीएलओं, मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना पत्रक देंगे। एक मतदाता के पास रहेगा। भरा हुआ दूसरा गणना पत्रक बीएलओ को वापस किया जाएगा।
बीएलओ को प्रशिक्षण के बाद कराएं डिजिटाइजेशन
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार गणना प्रपत्र को बीएलओ एप से वितरण की कार्रवाई की जा रही है। गणना प्रपत्रों को बीएलओ द्वारा मतदाताओं से प्राप्त कर एप के माध्यम से भरा जाएगा, जिसके लिए सभी बीएलओ को छोटे-छोटे समूह बनाकर पुनः प्रशिक्षण प्रदान दिया जाएगा। बताया कि बीएलओ का प्रशिक्षण सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से दिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित दिया है कि निर्धारित तिथियों में बीएलओ को प्रशिक्षण प्रदान कराकर उसकी उपस्थिति, फोटोग्राफ्स और कार्यवृत्त जिला निर्वाचन कार्यालय में शीघ्र उपलब्ध कराएं। गणना प्रपत्र को डिजिटाइजेशन का कार्य तीव्र गति से कराएं।
