Bareilly : BDA की नई टाउनशिप में 2200 से अधिक किसानों की भूमि होगी अधिग्रहित
बरेली, अमृत विचार। रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली योजना के बाद जल्द ही पीलीभीत बाईपास रोड पर बीडीए की नई टाउनशिप धरातल पर नजर आएगी। बीडीए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब चिह्नित गांवों से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। करीब 2200 से अधिक किसानों से भूमि अधिग्रहण किया जाएगा।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार किसानों की भूमि का अधिग्रहण सर्किल रेट के आधार पर किया जाएगा। रजिस्ट्री होने के बाद किसानों को भुगतान की राशि 24 से 48 घंटे के अंतराल में उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इससे किसानों को न केवल पारदर्शी लेनदेन की सुविधा मिलेगी, बल्कि उनका समय भी बचेगा। बीडीए उपाध्यक्ष डाॅ. मनिकंडन ए का कहना है कि जल्द ही इस पर भी अंतिम फैसला लिया जाएगा और अधिग्रहण का पहला चरण शुरू होगा।
बीडीए की इस महत्वाकांक्षी योजना से पीलीभीत रोड क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। इन सभी गांवों की कुल 267.19 हेक्टेयर भूमि को क्रय किया जाएगा। नई टाउनशिप के लिए अडूपुरा जागीर, अहलादपुर, आसपुर खूबचंद, कुम्हरा, कलापुर, बरकापुर, मोहरनियां, हरहरपुर और नवदिया कुर्मियान गांव की भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
उपाध्यक्ष, बीडीए मनिकंडन ए ने बताया कि पीलीभीत रोड पर प्रस्तावित नई टाउनशिप के लिए नौ गांवों में प्रस्तावित कुल 267.19 हेक्टेयर भूमि का क्रय आपसी सहमति से ही किया जाएगा। जल्द भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। -
