Hockey Competition: स्वर्णिम पथ पर हॉकी की वापसी देख खुश हुए ओलंपियन... बोले जमन लाल शर्मा- स्वर्णिम पताका फहराते नजर आएंगे खिलाड़ी
लखनऊ, अमृत विचार : भारतीय हॉकी के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान पूर्व ओलंपियन खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी की वापसी पर खुशी जताई। उनका कहना था कि वर्ष 2020 टोक्यो ओलंपिक और वर्ष 2024 पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम द्वारा जीते गए कांस्य पदकों ने हॉकी को नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही भारतीय हॉकी एक बार फिर दुनिया के मंच पर स्वर्णिम पताका फहराती नजर आएगी।
शहर के चंद्र भान गुप्त खेल मैदान में सोमवार को केडी सिंह बाबू सोसाइटी की देखरेख में आयोजित समारोह में पूर्व ओलंपियन सैयद अली, सुजीत कुमार, शकील अहमद, दानिश मुज्तबा और एमपी सिंह को मुख्य अतिथि समाजसेवी अनिल गोयल द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद मुख्य अतिथि ने पद्मश्री जमन लाल शर्मा मेमोरियल सब जूनियर अंडर-14 राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
15.png)
पहले दिन के मुकाबलों में लखीमपुर ने प्रयागराज को 6-0 से हराया। वहीं सीतापुर ने रामपुर को 5-2 से पराजित किया, जबकि बाराबंकी ने कौशांबी को 2-1 से मात दी। कानपुर ने आजमगढ़ को 2-1 से हराकर विजयी शुरुआत की। समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह देखने लायक था। आयोजन समिति का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हैं और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।
