Bareilly: तौकीर रजा की जमानत अर्जियों पर फिर टली सुनवाई
विधि संवाददाता, बरेली। शहर में 26 सितंबर को बवाल कराने के मुख्य आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के विरुद्ध कोतवाली थाने में दर्ज तीन मुकदमों में जमानत अर्जी पर सुनवाई सोमवार को टल गयी। अदालत ने तीनों अर्जियों पर सुनवाई को मंगलवार की तिथि नियत की है।
वहीं बारादरी थाने की तीन अन्य अर्जियों पर 19 नवंबर को सुनवाई होगी। संभावना है कि जिला जज के आदेश पर अब सभी अर्जियां ट्रांसफर होकर एडीजे-4 की अदालत में ही सुनी जाएंगी, वहीं एडीजे-5 का चार्ज अब तक एडीजे-6 रहे तबरेज अहमद ने संभाला है। मौलाना तौकीर रजा खां पर आरोप है कि बीती 26 सितंबर को उन्होंने प्रदर्शन का आह्वान किया। जिसके बाद इस्लामिया के आसपास और कई जगह उपद्रवियों ने बवाल किया। इतना ही नहीं पुलिस कर्मियों पर पथराव किया और उनकी एंटी रायट गन व वायरलैस तक छीन लिया। जिसके बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में मुकदमें दर्ज किए थे।
