Bareilly: बरेली-बीसलपुर रोड पर 15 दिसंबर तक रहेगा डायवर्जन...40 किसी ज्यादा लगेगी दूरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली-भुता-बीसलपुर रोड पर कैलाश नदी पर बने पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट क्षतिग्रस्त होने के चलते 27 दिन तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। पीडब्ल्यूडी ने ट्रैफिक की अधिकता और मरम्मत कार्य के कारण 18 नवंबर से 15 दिसंबर तक रूट डायवर्जन का फैसला लिया है। ऐसे में बरेली से बीसलपुर के बीच की दूरी 40 किलोमीटर अधिक हो जाएगी। इससे यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ना भी तय है।

राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिशासी अभियंता शशांक भार्गव ने बताया बरेली-भुता-बीसलपुर राष्ट्रीय मार्ग-730 बी के किलोमीटर 28 में देवहा नदी पर स्थित पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट क्षतिग्रस्त हैं, जिसकी मरम्मत के लिए बजट स्वीकृति हो चुका है। इस रोड पर ट्रैफिक का अधिक आवागमन होने से मरम्मत कार्य में बाधा उत्पन्न हो सकती है, इसलिए रूट डायवर्जन का निर्णय लेते हुए पुलिस, यातायात पुलिस और राजस्व को पत्र भेजकर परिवर्तित मार्ग से वाहनों का आवागमन कराने का अनुरोध किया है।

इसके तहत छोटे वाहन अहिरौला चौराहे से क्योलड़िया, मेथी चौराहा, बरखेड़ा होकर बीसलपुर जाएंगे, जबकि बड़े वाहन भुता से फरीदपुर, तिलहर, निगोही होते हुए बीसलपुर को निकल जाएंगे। रूट डायवर्जन की वजह से बरेली से बीसलपुर की दूरी 45 किमी से बढ़कर 85 किमी हो जाएगी। अधिशासी अभियंता शशांक भार्गव ने डीएम बरेली और पीलीभीत के अलावा एसपी ट्रैफिक बरेली और पीलीभीत, एसडीएम फरीदपुर, बीसलपुर, थानाध्यक्ष भुता, बीसलपुर को रूट डायवर्जन के लिए पत्र लिखा है ताकि दोनों जिलों से आवागमन करने वाले वाहनों की वजह से मरम्मत कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो सके।

बरेली से बीसलपुर का बढ़ जाएगा 52 रुपये किराया
एआरएम बरेली डिपो संजीव कुमार ने बताया कि अभी बरेली से बीसलपुर की दूरी 45 किमी और किराया 60 रुपये है। रूट डायवर्जन लागू होने पर बरेली से बीसलपुर की दूरी बढ़कर 85 किमी हो जाएगी। रूट डायवर्जन पर प्रति किमी 1.30 रुपये किराया बढ़ जाता है, ऐसे में 40 किमी अधिक दूरी के लिए 52 रुपये किराया बढ़ जाएगा। यानी यात्रियों को 112 रुपये देने होंगे।

इन रूट से रहेगी आसानी
- बरेली से बीसलपुर जाने के लिए कई अन्य मार्ग हैं, जिससे दूरी भी कम होगी। छोटे वाहन बरेली से फरीदपुर, शेखूपुरा होते हुए बीसलपुर जा सकते हैं। इस रूट से रोडवेज की बसें पहले से चल रही हैं। ऐसे में कुछ बसें भी इधर से चलाई जाएं तो यात्रियों का समय से साथ किराये में भी बचत होगी। वहीं बीसलपुर से निगोही, तिलहर होते हुए बरेली की जगह बीसलपुर से कटरा होते हुए बरेली भी वाहन आ सकते हैं, इससे भी दूरी कम होगी।

संबंधित समाचार