Pilibhit News : PTR के पर्यटन सत्र पर मंदी का ग्रहण, बाघों की दस्तक से चूका स्पॉट 23 दिन से बंद!
पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र पर इस बार मंदी का ग्रहण लगा ही चल रहा है। वहीं टाइगर रिजर्व के मिनी गोवा कहे जाने वाले चूका बीच पर्यटन स्थल के लगातार 23वें दिन भी बंद रहने से पर्यटकों में खासी मायूसी छाई हुई है। दरअसल चूका बीच क्षेत्र में बाघों को देखे जाने के बाद एहतियातन रात्रि विश्राम के लिए बंद किया गया था। इधर अब कई दिनों से चूका बीच के आसपास भी बाघों की लोकेशन नहीं मिल रही है। इसके बावजूद वन निगम की ओर से अभी तक चूका बीच हटों की बुकिंग शुरू नहीं की गई है। पर्यटन सत्र के अंतिम दिनों में चूका बीच में रात्रि विश्राम पर लगी रोक कहीं न कहीं राजस्व का भी नुकसान कर रही है।
पीलीभीत टाइगर का वर्तमान पर्यटन सत्र 15 जून को समाप्त होने जा रहा है। टाइगर रिजर्व के प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच में देश के कोने-कोने से पर्यटक पहुंचते है और यहां की हरी-भरी वादियों के बीच बनी हटों में रात्रि विश्राम करते हैं। मगर इन दिनों इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच में रात्रि विश्राम पर ब्रेक लगा चल रहा है। दरअसल बीते 5-6 मई को चूका बीच क्षेत्र में दो बाघों की लगातार सक्रियता देखी जा रही थी। बताते हैं कि इससे करीब सप्ताह पहले भी एक बाघ रात को हटों के बेहद करीब तक पहुंच गया था। उस दौरान वाटर हट के पास भी बाघ देखा जा रहा था। चूका बीच के आसपास बाघों की बढ़ती सक्रियता और पर्यटकों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उच्चस्तरीय निर्णय के बाद वन निगम की ओर से बीते 06 मई से हटों की बुकिंग को बंद कर दिया गया था। हालांकि दिन के समय जंगल सफारी करने वाले पर्यटकों के लिए चूका बीच में आवाजाही निरंतर जारी रखी गई। इसके साथ ही शारदा सागर डैम में होने वाली बोट सफारी पर ब्रेक लग गया था। प्रमुख पर्यटन स्थल के नजदीक बाघों की सक्रियता के बाद टाइगर रिजर्व प्रशासन भी सतर्क हो गया था। जिसके बाद बाघों की लोकेशन ट्रेस करने और सैलानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाथियों का सहारा लिया है। चूका बीच और आसपास के सघन वन क्षेत्रों में हाथियों के जरिए वनकर्मी लगातार निगरानी की जा रही थी। इधर बीते करीब चार-पांच दिन से चूका बीच के आसपास बाघों की कोई लोकेशन नहीं मिली है। वन अफसर भी इस बात को स्वीकारते हैं। इधर अब हाथियों को भी चूका बीच से हटाकर अन्यत्र लगाया गया है।
कब शुरू होगी फिर से हटों की बुकिंग, रोजाना पूछ रहे पर्यटक
इधर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र समाप्त होने में महज 18 दिन बाकी बचे है। इन सबके बावजूद 23 दिन बीतने के बाद भी चूका बीच में रात्रिकालीन पर्यटन पर लगे ब्रेक को नहीं हटाया गया है। चूका बीच की हटों में रात्रि विश्राम की इच्छा रखने वाले पर्यटकों भी लगातार वन निगम और वनकर्मियों से हटों की बुकिंग शुरू होने के बारे में जानकारी ले रहे हैं। चूंकि यह रोक वन निगम द्वारा लगाई गई है। ऐसे में इस मामले में रेंज स्टाफ भी कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है।
