रायबरेली : वाहनों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 18 पर मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली जिले में एसटीएफ की कार्यवाही के बाद डीह पुलिस ने वाहनों से ओवरलोड के नाम पर आरटीओ की तरफ से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एआरटीओ और पीटीओ के ड्राइवर सहित 18 पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा भी अन्य चार-पांच अज्ञात सरकारी कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

डीह थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज और चौकी प्रभारी मोहित शर्मा ने सोमवार की देर रात सलोन-परशदेपुर राजमार्ग पर सई नदी पुल के पास ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करने के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 18 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें एआरटीओ कर्मी वाहन स्वामी, चालक, स्टैंड सचालक समेत कई कर्मचारी शामिल है।

थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन ने दर्ज कराई एफआइआर में बताया कि चेकिंग के दौरान सलोन-परशदेपुर रोड पर सई नदी पुल के पास दो व्यक्तियों द्वारा मौरंग व गिट्टी के ट्रक, डंपरों से ओवरलोड होने की धमकी व एआरटीओ से बचाने का आश्वासन देकर अवैध वसूली किए जाने की सूचना मिली।

इस पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपितों बखारी निवासी महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंटू व प्रतापगढ़ के उदयपुर निवासी जितेंद्र सरोज को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष का कहना है कि तलाशी के दौरान दोनों आरोपितों के पास 12250 रुपये, दो मोबाइल बरामद हुआ है। दोनों ओवरलोड वाहनों को रायबरेली-अमेठी व रायबरेली-प्रतापगढ़ बार्डर पास कराते थे, जिसके लिए वह प्रति वाहन 5500 रुपये वसूलते थे।

इनके विरुद्ध दर्ज हुआ मुकदमा

महेंद्र प्रताप सिंह निवासी बखारी, जितेंद्र सरोज निवासी उदयपुर प्रतापगढ़, अरुण प्रताप सिंह, विपिन सिंह फाइनेंसर, अंकुर मिश्रा मोटर मालिक, राजकुमार साहू मोटर मालिक, राजेंद्र यादव बालू डीलर परशदेपुर, शिवम शुक्ला मोटर मालिक गौरीगंज, लल्लन यादव ड्राइवर सलोन, दारोगा यादव सुल्तानपुर, शिव भवन यादव बस मालिक परशदेपुर, मनोज तिवारी मौरंग सप्लायर, गोपाल वसूली स्टैंड लालगंज, दीपू उर्फ दीपाकंर रायबरेली, दुर्गेश दीक्षित अमावाँ, युवराज बाराबंकी, एआरटीओ दीवान नौशाद, सुशील चालक पीटीओ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा अमेठी, प्रतापगढ़ और रायबरेली के चार अन्य अज्ञात सरकारी कर्मियों पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है।

गैर जनपदों से आने वाले वाहनों से ओवरलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ के बाद इस रैकेट का विस्तार से पता किया जा रहा है। मामले की जांच सीओ सलोन द्वारा की जा रही है... संजीव सिन्हा, एडिशनल एसपी, रायबरेली।

संबंधित समाचार