अमेठी में सर्राफा से बाइक सवार बदमाशों लूटे 10 लाख के आभूषण, विरोध पर हमला
संग्रामपुर/अमेठी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार छह बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए। घटना उस समय हुई जब व्यापारी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। विरोध करने पर लुटेरों ने उन्हें तमंचे की बट से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार बड़गांव निवासी जेपी सोनी पिछले 14 वर्षों से विशेश्वरगंज बाजार में ज्वेलरी की दुकान चला रहे हैं। मंगलवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। घर से करीब आधा किलोमीटर पहले पहुंचते ही तीन बाइकों पर सवार छह अज्ञात बदमाशों ने उनकी राह रोक ली।
बदमाशों ने व्यापारी के पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। व्यापारी ने साहस जुटाकर विरोध किया तो लुटेरों ने उन पर तमंचे की बट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। हमले के बाद बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग घायल व्यापारी को तुरंत इलाज के लिए ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद वह थाने पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बैग में लगभग चार किलो चांदी और करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को अस्पताल भिजवाया। इलाज के बाद व्यापारी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस टीम लुटेरों की तलाश में क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
