बदायूं : खेत में मिले गोवंश के अवशेष, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा
फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव पिसनहारी के पास खेत में थे अवशेष
ओरछी, अमृत विचार। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव पिसनहारी के जंगल में बुधवार को गोवंशीय के अवशेष मिले। ग्रामीणों की सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे और हंगामा किया। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने बताया कि तस्कर गाड़ी से आए और गोवंश का वध करके मांस लादकर ले गए। जेसीबी से अवशेष को जमीन में दबा दिया गया। गड्ढा खोदने के दौरान जमीन से और अवशेष मिलने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने एक खेत में अवशेष देखे। कुछ ही देर में बजरंग दल के विभाग संगठन मंत्री व प्रचारक तेजपाल, सहमंत्री शिवम पाराशरी मौके पर पहुंचे। वह संगठन की ओर से आयोजित होने वाले त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। आसपास के गांवों के लोग भी खेत पर आए। पदाधिकारियों ने सोशल साइट एक्स पर टैग करके अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंचे। अवशेष के पास रस्सी पड़ी मिली और खून भी था। जिससे बांधकर गोवंश का वध किया गया। बताया जा रहा है कि संगठन के पदाधिकारियों ने पास में खोदाई करके अवशेष निकालने का अनुरोध किया लेकिन पुलिस इससे कतरा रही थी। जिसके चलते पदाधिकारी और पुलिस में कहासुनी भी हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अवशेष जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
