लखनऊ :  घोसी से सपा विधायक सुधाकर सिंह का मेदांता में निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार तड़के साढ़े तीन बजे के करीब मेदांता में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि श्री सिंह के शरीर के अधिकतर अंगों ने काम करना बंद कर दिया था जिसकी वजह से उनका निधन हो गया। श्री सिंह के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। मेदांता के निदेशक डॉ राकेश कपूर ने बताया कि श्री सिंह को दो दिन पूर्व गम्भीर स्थिति में लाया गया था। उन्हें लिवर सहित कई समस्यायें थी। उन्होंने बताया कि आज तड़के मल्टी आर्गन फेल्योर के चलते उनका निधन हो गया। 

सपा पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव के साथ शिवपाल अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने उनके (सुधाकर सिंह) पुत्र सुजीत सिंह से मिले और शोक संतप्त परिवार के लिए संवेदना व्यक्त की। उधर उनके निधन की सूचना पर समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व ट्विटर) पर गहरा शोक व्यक्त किया। पार्टी ने लिखा "घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का निधन अत्यंत हृदय विदारक है। उनके असामयिक निधन से परिवार, समर्थकों और पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।"

गौरतलब है कि श्री सिंह ने वर्ष 2022 के चर्चित घोसी उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को कड़ी टक्कर देते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस उपचुनाव को पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण मोड़ माना जाता है, जिसमें सपा की जीत ने पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया था। मऊ जिले में जन्मे और पले-बढ़े सुधाकर सिंह लंबे समय से ग्रामीण मुद्दों की आवाज़ बनकर राजनीति में सक्रिय रहे। घोसी क्षेत्र में उनकी पकड़ बेहद मजबूत मानी जाती थी। जनता के बीच आसानी से घुल-मिल जाने और जमीन से जुड़े नेता की छवि ने उन्हें लगातार लोकप्रिय बनाए रखा। सुधाकर सिंह के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। 

यह भी पढ़ें : Nitish Kumar Oath LIVE: 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार... डिप्टी सीएम बने सम्राट चौधरी, जानें नई सरकार में कौन-कौन

संबंधित समाचार