Bareilly: पर्यटन को उड़ान देगी रामायण वाटिका, आकर्षक लाइटों से होगी जगमग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बीडीए की रामायण वाटिका धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देने में एक अहम कड़ी साबित होगी। रामायण वाटिका सूरज ढलने के बाद से ही आकर्षक लाइटों से जगमग होगी। जो यहां के लोगों के लिए किसी खास आकर्षण से कम नहीं होगी। इतना ही नहीं यहां रामायण के कई प्रसंग थीम बेस्ड लेआउट के साथ तैयार किए गए हैं, जिससे पर्यटक राम कथा का अनुभव करते हुए चल सकें।

बीडीए अफसरों के अनुसार इस प्रोजेक्ट को शहर के सांस्कृतिक विकास से जोड़ते हुए थीम बेस्ड पार्क के रूप में तैयार किया है। पूरा लेआउट रामायण के अलग-अलग प्रसंगों के अनुसार डिजाइन किया गया है। भगवान श्रीराम की प्रतिमा को विख्यात मूर्तिकार पद्म भूषण राम सुतार की टीम ने तैयार किया है। पूरी वाटिका में एलईडी लाइटिंग, फाइबर मूर्तियां और दृश्यावली तैयार की गई हैं, जिससे आगंतुक राम कथा के माहौल को महसूस कर सकें। शाम के समय लाइट शो इसे और प्रभावशाली बना देगा।

उपाध्यक्ष, बीडीए मनिकंडन ए ने बताया कि रामायण वाटिका शहर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में किसी आयाम से कम नहीं है। ये बरेली के प्रमुख आकर्षणों में एक साबित होगी। रामायण वाटिका का लोकार्पण जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसके बाद आम लोगों के लिए इसे खोल दिया जाएगा।

 

संबंधित समाचार