सुलतानपुर : वांछित व परिजनों ने पुलिस टीम पर बोला धावा, दो दरोगा व सिपाही गंभीर, रिवॉल्वर व मोबाइल लूटकर हमलावर फरार
बल्दीराय/सुलतानपुर,अमृत विचार। सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा लाला का पुरवा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने से वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिजनों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो दरोगा व एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने बंधक बनाए दरोगा की सर्विस रिवाल्वर व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। सुलतानपुर, अयोध्या व अमेठी जिले की पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तारी करने गई अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने की पुलिस टीम पर वांछित आदर्श सिंह और दशरथ सिंह समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में उपनिरीक्षक अकील हुसैन, उपनिरीक्षक भानु प्रताप शाही और कांस्टेबल उमेश गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए।

आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस कर्मियों को घंटों तक घर में बंधक बनाए रखा और इसी दौरान उपनिरीक्षक अकील हुसैन की सर्विस रिवॉल्वर व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। वारदात की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद कुमारगंज, इनायतनगर, हलियापुर और बल्दीराय थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और गांव में लगातार दबिशें दी जाती रहीं।
पुलिस टीम आसपास के खेतों व झाड़ियों में छिनी गई रिवॉल्वर और मोबाइल की तलाश करती रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल सकी और आरोपी भी फरार है। सुलतानपुर के साथ अयोध्या व अमेठी जिले की पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। घायल उपनिरीक्षक भानु प्रताप शाही की तहरीर पर पांच नामजद और चार अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने घर की दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत व्याप्त है और पुलिस प्रकरण पर सतत निगरानी रखे हुए है।
