लखीमपुर खीरी: तालाब में डूबने से युवक की मौत, गुजरी का फल तोड़ने के लिए तालाब में घुसा था युवक
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में एक युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने युवक का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
थाना भीरा के गांव सूरजपुर निवासी लवकुश कुमार बुधवार को अपने चचेरे बड़े भाई प्रमोद के घर उदयपुर महेवा आया था। गुरुवार की सुबह करीब 08:30 बजे घर से तालाब की तरफ गया था। बताते हैं कि वह तालाब में गुजरी का फूल तोड़ने के लिए घुसा था। गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह गहरे पानी में जाकर डूब गया। करीब तीन घंटे के बाद कुछ लोगों ने एक शव तालाब में उताराता देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी बड़ा तालाब होने और गहराई अधिक होने के कारण फायर बिग्रेड को मौके पर बुलाया गया। फायर बिग्रेड की टीम ने गोताखोरों के सहयोग से रेस्क्यू कर कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। शव की पहचान लवकुश के रूप में हुई। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव देख उनमें चीख पुकार मच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
