सुलतानपुर : खुशियों के घर में मातम, कादीपुर में किराना व्यवसायी के बेटे की निर्मम हत्या
कादीपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर खुर्द डेवाढ़ बाजार में बुधवार की रात किराना व्यवसायी के बेटे राकेश कुमार (45) की हत्या कर दी गई। वह दुकान के बाहर लोहे की गुमटी के पास सो रहा था, तभी अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से वार कर उसकी जान ले ली। सुबह लोगों ने उसे खून से लथपथ अवस्था में देखा तो हड़कंप मच गया।
दुकान से कुछ दूरी पर चार बोरी गेहूं और चावल मिलने से यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी की नीयत से आए थे और विरोध करने पर राकेश की हत्या कर दी। उसकी सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

सूचना पर सीओ विनय गौतम, प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे हेतु चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। मृतक के भाई राजेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है।
खुशियों के घर में मातम
परिजनों के अनुसार 26 नवंबर को राकेश ने अपने नाती की बरही पर अखंड रामायण पाठ और प्रीतिभोज का आयोजन रखा था, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार और बाजार में शोक का माहौल है।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
मृतक राकेश दो भाइयों में छोटे थे। परिवार में पिता रामकेवल गुप्ता, माता भगवती, बड़ा भाई राजेश कुमार, भाभी शकुंतला, पत्नी आरती, पुत्र अनुराग (22) व अंगद (20), पुत्री सपना (16) है। अंगद मुंबई में नौकरी करता है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा है। बाजार के व्यापारियों में भी रोष है और लोग हत्याकांड के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
