Amrit Vichar Impact: JE ने मारा छापा, ठेकेदार को दी चेतावनी, अवैध सिल्ट खनन पर विभाग सख्त
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र में नहरों से अवैध सिल्ट खनन और विभागीय मिलीभगत को लेकर उठे सवालों का असर दिखने लगा है। अमृत विचार द्वारा गुरुवार के अंक में अनियमितताओं के मामले को प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद मामला सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया।
निर्देश मिलने पर जेई संतोष कुमार टीम के साथ महोलिया माइनर पहुंचे और नहर के भीतर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। जांच में पोकलैंड मशीनों का उपयोग, नहर की मूल गहराई से अधिक खुदाई और डंपरों की आवाजाही समेत कई अहम बिंदुओं की पड़ताल की गई।

निरीक्षण के दौरान जेई ने ठेकेदार को मौके पर ही कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नहर के अंदर सिल्ट हटाने के नाम पर किसी भी तरह का अवैध खनन दोबारा मिला तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। टीम ने कार्यस्थल पर निगरानी तुरंत बढ़ाने के आदेश भी दिए। विभागीय सूत्रों का कहना है कि अब नहर सफाई और सिल्ट उठाने की पूरी प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कोई भी ठेकेदार नियमों का दुरुपयोग न कर सके।
