बाराबंकी: डीएम की अध्यक्षता में हुई अभियोजन कार्यों की समीक्षा, 6 को कारण बताओ नोटिस
बाराबंकी, अमृत विचार। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के साथ अभियोजन कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान डीएम ने छह विशेष लोकअभियोजक एवं सहायक जिला शासकीय अधिवक्ताओं के समय पर विमुक्ति आख्या प्रस्तुत न करने पर उनका मानदेय रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चार प्रकरणों में विवेचक की कमियों के कारण दोषमुक्त हुए वादों में संबंधित विवेचकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए। समीक्षा में बताया गया कि पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायालय में अपने ही बयानों से मुकर जाने के कारण पांच वादों में वादी के खिलाफ कार्यवाही कर प्रकीर्ण वाद दर्ज कराए गए हैं। डीएम ने कहा कि गंभीर प्राकृति के मामलों में प्रभावी पैरवी की जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए ताकि अपराधियों को यह संदेश मिले कि अपराध करने पर कोई बच नहीं सकता।
उन्होंने गवाहों की समय पर गवाही और दोषमुक्त मामलों में नियमानुसार अपील सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और शासकीय अधिवक्ताओं से कहा कि अभियोजन कार्य को गंभीरता से लें और अपने शासकीय कार्यों के साथ-साथ इसमें पूरी तत्परता दिखाएं। उनका कहना था कि समय पर न्याय मिलने से लोगों में न्याय की अवधारणा मजबूत होगी। बैठक में अभियोजन अधिकारी, शासकीय अधिवक्ता और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
