रामपुर : पुलिस मुठभेड़ में गो तस्कर को लगी गोली, दो हुए फरार
भागते समय गिरने से एक पुलिसकर्मी हुआ घायल
सैदनगर (रामपुर) अमृत विचार। अजीमनगर थाना पुलिस की तड़के 3 बजे गो-तस्करों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग से एक गो-तस्कर को गोली लग गई, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दो आरोपी फरार हो गए है। इस दौरान गिरने से एक पुलिसकर्मी घायल भी हो गया। पुलिस ने तीनों गो-तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार तड़के अजीमनगर थाना पुलिस ने गो-तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। अजीमनगर थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया कि वो पुलिस बल के साथ जिठनिया चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक को पुलिस ने रोकना चाहा तो वह मौके से भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह नीचे गिर गया। पुलिस ने पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर मालूम हुआ आरोपी नगलिया आकिल निवासी हिस्ट्रीशीटर मुस्तकीम है। जिस पर अलग-अलग थानों में गोकशी से संबंधित करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि दो आरोपी बागड़खा निवासी शकील और देवरनिया निवासी दिलशाद भागने में कामयाब रहे। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी दीपक गिरकर घायल हुआ है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गो तस्कर के पास से पुलिस ने बाइक अवैध तमंचा और गोकशी करने के कुछ हथियार बरामद किए हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ टांडा कीर्ति निधि आनंद घटनास्थल पर पहुंच गए और जांच की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
