परिषदीय स्कूल खेलों में काकोरी ओवरऑल चैंपियन, गोसाईगंज ब्लॉक की टीम बनी उपविजेता
लखनऊ, अमृत विचार: परिषदीय विद्यालयों की जिला वार्षिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में काकोरी ब्लॉक 123 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना। गोसाईगंज ब्लॉक की टीम उपविजेता रही। डायट के उप प्राचार्य राम प्रवेश ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता का आयोजन गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में किया गया। बालक वर्ग के 50 मीटर दौड़ में काकोरी के निहाल विजेता बने बालिका वर्ग के 50 मीटर दौड़ में काकोरी की ही रागिनी जीतीं। 600 मीटर दौड़ बालक वर्ग में काकोरी के तैयब को प्रथम, तो 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में गोसाईगंज के अर्पित दोनों स्पर्धाओं में चैंपियन बनने में सफल रहे।
इसके साथ ही 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में मोहनलालगंज के राज विजेता रहे, तो लंबी कूद स्पर्धा में बालक वर्ग में मोहनलालगंज के राज और शगुन विजेता रहे। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग काकोरी के निहाल के साथ बालिका वर्ग में मोहनलालगंज की चांदनी के साथ जूनियर स्तर के बालिका वर्ग में शगुन विजेता बनी। जूनियर स्तर बालक वर्ग में गोसाईगंज के अर्पित और काकोरी के उजैर को संयुक्त व्यक्तिगत चैंपियन बनने में कामयाब रहे। प्रतियोगिता में विजेताओं को खंड शिक्षा अधिकारी रामराज, बीईओ धर्मेंद्र सिंह कटियार और पद्मशेखर मौर्य ने सम्मानित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, व्यायाम शिक्षकों, खेल अनुदेशकों और सहयोग प्रदान करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा का आभार व्यक्त किया।
