बरेली : कुंडरिया में गोवंशों की हत्या पर भड़का आक्रोश, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कुंडरिया में गोवंशों की हत्या पर भड़का आक्रोश, हंगामा

अलीगंज, अमृत विचार। बिशारतगंज थाना क्षेत्र के मझगवां मार्ग पर स्थित गांव कुंडरिया खुर्द में बुधवार की रात में 10 से अधिक निराश्रित गोवंशों की बेरहमी से हत्या कर तस्कर उनका मांस ले गए। गुरुवार सुबह खेतों की ओर गए किसानों ने गोवंशों के अवशेष देख ग्राम प्रधान को सूचना दी। खबर फैलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विहिप मझगवां प्रखंड अध्यक्ष शिवांश शर्मा ने बताया कि दिगाईदत्त नगर गांव निवासी राजबहादुर के खेत में पशु तस्करों ने 10 से अधिक गोवंशों की हत्या कर मांस लेकर फरार हो गये। हंगामा बढ़ने पर एसडीएम आंवला विदुषी सिंह और सीओ नितिन कुमार ने मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित लोग शांत हुए। हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को रात तक गिरफ्तार नहीं किया गया तो शुक्रवार को अलीगंज-आंवला-गैनी मार्ग पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

सीओ नितिन कुमार ने बताया कि घटना अलीगंज और बिशारतगंज की सीमा पर हुई है, इसलिए सर्विलांस टीम सहित दोनों थानों की पुलिस व हल्का दरोगाओं को जांच में लगाया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूर्व मामलों के संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने जेसीबी मंगवाकर अवशेषों को दफन कराया। इस मौके पर ऋतिक गुप्ता, हर्ष गुप्ता, नवीन ठाकुर, विकास शर्मा, अमन गुप्ता, अमित शर्मा, रूपचन्द्र वर्मा, उपदेश पाराशरी, आशुतोष शंखधार समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार