बरेली : सड़क खोदाई में फटी गैस पाइप लाइन, उपभोक्ताओं का हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गैस लीक होने से क्षेत्र में मची अफरा-तफरी, सूचना पर दौड़े निगम के अफसर और गैस कंपनी की टेक्निकल टीम

बरेली, अमृत विचार। स्टेडियम रोड पर मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट यानि सीएम ग्रिड का कार्य चल रहा है लेकिन गुरुवार शाम को इलाके में उस वक्त खलबली मच गई, जब सड़क की खोदाई करने के दौरान गैस की पाइप लाइन फट गई। घरों में आपूर्ति अचानक बंद होने से लोग परेशान हो गए और सड़कों पर निकल कर हंगामा करने लगे। लोगों ने नगर निगम को सूचना दी है। सूचना मिलते ही नगर निगम के अफसर और गैस आपूर्ति करने वाली कंपनी की टेक्निकल टीम फौरन टीम मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत करके चार घंटे बाद गैस आपूर्ति बहाल की गई।

सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्य स्टेडियम रोड पर लंबे समय से किए जा रहे हैं। इसके आरंभ से ही बेतरतीब तरीके से किए जा रहे कार्य से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस पाइप लाइन फटने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी कई जगह खोदाई कार्य के दौरान लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से राजेंद्र नगर, मॉडल टाउन, एकतानगर, प्रेमनगर समेत अन्य इलाके प्रभावित हुए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम अधिकारी और गैस कंपनी की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत शुरू की गई। नगर निगम अधिकारियों ने कार्यदायी एजेंसी को नोटिस जारी कर दिया है। लापरवाही फिर से हुई तो एजेंसी पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
चार घंटे के बाद बहाल हुई आपूर्ति

पीएनजी की पाइप लाइन फटने और मरम्मत कार्य के चलते करीब चार से अधिक समय तक गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई। सीएम ग्रिड योजना के तहत काम कर रहे ठेकेदार व उसके कर्मियों द्वारा की गई लापरवाही के चलते शाम चार बजे से आठ बजे तक चार घंटे एक आपूर्ति बाधित रही। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आगे से ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए सख्त निगरानी की जाएगी।

संबंधित समाचार