Bareilly : पासपोर्ट आवेदन करने वालों को राहत... बढ़ाई गई अप्वाइन्टमेंट की संख्या
बरेली, अमृत विचार। पासपोर्ट विभाग ने पासपोर्ट आवेदकों को बड़ी राहत दी है। नगीना, बिजनौर, रामपुर और पीलीभीत में आवेदकों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। वहीं अमरोहा, बदायूं और शाहजहांपुर में 40 से 50 संख्या कर दी गई है।
शनिवार को जारी की गई सूचना में पासपोर्ट अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बरेली के तहत संचालित विभिन्न पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में पासपोर्ट आवेदन के लिए आनलाइन अप्वाइन्टमेंट की समय सीमा को देखते हुए आम जनता को सुविधा पहुंचाने के लिए पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र नगीना, बिजनौर, रामपुर और पीलीभीत में पासपोर्ट आवेदनों की संख्या को दोगुना 40 से 80 कर दिया गया है।
वहीं पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र अमरोहा, बदायूं और शाहजहांपुर में 40 से 50 अप्वाइन्टमेंट कर दिए गए हैं। बढ़े हुए ऑनलाइन अप्वाइन्टमेंट वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा जिला संभल के आवेदकों को उनके नजदीक पासपोर्ट आवेदन जमा करने की सुविधा देते हुए 26 से 28 नवंबर तक जिलाधिकारी कार्यालय संभल में पहली बार विभाग की पासपोर्ट मोबाइल वैन पहुंचेगी। जिसमें आवेदक अपना ऑनलाइन अप्वाइन्टमेंट बुक करके पासपोर्ट सेवा का लाभ ले सकते हैं।
