सक्षम अधिकारी एसआईआर की नियमित मॉनिटरिंग करें... नवदीप रिणवा ने 4 दिसंबर तक हर मतदाता को गणना प्रपत्र भरने की अपील
मतदाताओं की सुविधा के लिए शिविर लगाए जाएं
लखनऊ, अमृत विचार: राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सभी मंडलायुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और नगर आयुक्तों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बीएलओ को पूर्ण प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के साथ काम में लगाया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसआईआर अभियान की समीक्षा कर रहे थे, उन्होंने सभी मंडल और जिला स्तर के अधिकारियों को एसआईआर की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कहा कि जिला संपर्क केंद्रों (डीसीसी) में तैनात कर्मचारी पूरी तरह प्रशिक्षित हों तथा इन केंद्रों में पर्याप्त टेलीफोन लाइनें उपलब्ध रहें, जिससे मतदाताओं की कॉल और जिज्ञासाओं का त्वरित समाधान किया जा सके। शहरी क्षेत्रों के नगरीय निकाय कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने और मतदाताओं की सुविधा के लिए शिविर लगाने के भी निर्देश दिए गए।
नवदीप रिणवा ने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बताया कि अभी तक 2.18 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र डिजिटल रूप से अपलोड किए जा चुके हैं। “बुक ए कॉल विद बीएलओ” ऐप में लंबित प्रकरणों को 48 घंटे में निपटाने के आदेश भी दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला अधिकारियों को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर ग्रे टिक प्राप्त करने को कहा, ताकि भ्रामक सूचनाओं को रोका जा सके। साथ ही, सोशल मीडिया पर गलत और नकारात्मक खबरों पर तत्काल तथ्यात्मक प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि कोई भी मतदाता प्रपत्र प्राप्त करने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को 4 दिसंबर तक गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपना अनिवार्य है, ताकि 9 दिसंबर को मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन में किसी भी मतदाता का नाम न छूटे। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र भरने के प्रति भी लोगों को जागरूक करने और सोशल मीडिया, प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में व्यापक प्रसार के निर्देश दिए।
