Bareilly : आधा दर्जन ड्रिल मशीनों और दर्जनों हथौड़ों से लेंटर तोड़ा, सरियों ने बढ़ाई दिक्कत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मौलाना तौकीर के करीबी काॅलाेनाइजर मो. आरिफ के पीलीभीत रोड स्थित तीन मंजिला शोरूम के लेंटर को तोड़ने के लिए बीडीए के अफसरों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस शाेरूम के इर्द-गिर्द अन्य बिल्डिंग बनी हैं, इससे पीलीभीत रोड साइड से तीन बुलडोजरों से बिल्डिंग को ढहाने की कार्रवाई शुरू हुई। बिल्डिंग ढहाने में समय ज्यादा लगने पर बीडीए ने कुशल मजदूरों को ड्रिल मशीनों और हथौड़ों सहित बुलाया।

आधा दर्जन ड्रिल मशीनों से मजदूरों ने शोरूम के लेंटर को तोड़ना शुरू किया, लेकिन ज्यादा सरिया के बिछे होने की वजह से ड्रिल मशीनें 10 से 15 मिनट में धुआं छोड़ रही थीं। इससे मशीनों को ठंडा करके मजदूर लेंटर को तोड़ रहे थे। दो दर्जन मजदूरों ने हथौड़ों से लिंटर की बाउंड्री को तोड़ना शुरू किया। ड्रिल मशीन और हथौड़ों की गूंज काफी दूर तक जा रही थी। आसपास रहने वाले भी इस कार्रवाई को देख डरते दिखे। तीन बुलडोजरों ने शोरूम के काफी हिस्से को ढहा दिया है। देर शाम 7 बजे तक शोरूम ढहाने की कार्रवाई चली। बताते हैं कि रविवार को बुलडोजर पूर्ण रूप से बिल्डिंग को ढहाने के लिए गरजेंगे।

पिलर ढहाए तो ताश के पत्तों की तरह बिखर गया दोमंजिला कांप्लेक्स
पुराना शहर में मो. आरिफ का 16 दुकानों का दोमंजिला कांप्लेक्स था। इस कांप्लेक्स को ढहाने के लिए बीडीए ने तीन से अधिक बुलडोजरों को लगाया। बुलडोजरों ने कांप्लेक्स के पिलरों को निशाना बनाया। इसके बाद पूरा कांप्लेक्स एक साथ ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। पूरी बिल्डिंग के एक साथ गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
लाखों की पगड़ी देकर दुकानें लेने वाले दुकानदार परेशान, आरिफ की बढ़ेंगी मुश्किलें

पुराना शहर के दोमंजिला कांप्लेक्स और पीलीभीत रोड के तीन मंजिला शोरूम की दुकानों को पगड़ी पर उठाया गया था। बताते हैं कि पुराना शहर के कांप्लेक्स की एक दुकान पांच लाख से अधिक पगड़ी लेकर उठाई गई थी। इसी तरह पीलीभीत रोड के शोरूम की एक दुकान 20 से 30 लाख रुपये की पगड़ी लेकर दी गई थी। अब अवैध रूप से बनाने को लेकर बीडीए ने ढहा दिया। इससे उन दुकानदारों को भी नुकसान हुआ, जिन्होंने पगड़ी देकर इन दुकानों को लिया था। दुकानदारों की पगड़ी की रकम आरिफ को वापस करनी पड़ सकती है। इससे आरिफ की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।

काम नहीं आई पैरवी, आखिरकार दो माह बाद शुरू हो गई बुलडोजर कार्रवाई
बरेली: बरेली में हुए बवाल के बाद सबसे ज्यादा कॉलोनाइजर मो. आरिफ की 50 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां सील की गई थीं। आरिफ को बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर का करीबी माना जाता है, लेकिन आरिफ इस बात को खारिज करता रहा है। बवाल के दो दिन बाद बीडीए ने राजस्व और पुलिस के साथ बिना नक्शा स्वीकृत कराए अवैध रूप से बिल्डिंग बनाने के आरोप में आरिफ की पीलीभीत रोड पर स्थित फाहम बैंक्वेट हाल, स्काई लार्क होटल, फ्लोरा गार्डन बैंक्वेट हाल, तिमंजिला शोरूम और पुराना शहर में दोमंजिला कांप्लेक्स को सील कर दिया था। बवाल के एक सप्ताह तक यह माना जा रहा था कि इन संपत्तियों को ढहाया जा सकता है, लेकिन एकाएक कार्रवाई थम गई। लोग बताते हैं कि इन संपत्तियों को बचाने के लिए आरिफ ने बरेली के नेताओं के साथ लखनऊ में भी दौड़-भाग की, लेकिन पैरवी काम नहीं आई। आखिरकार संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई। अब फाहम लॉन, स्काई लार्क और फ्लोरा गार्डन पर भी बुलडोजर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

 

संबंधित समाचार