Bareilly : सीएम योगी अगले महीने कर सकते हैं रामायण वाटिका का लोकार्पण
बरेली, अमृत विचार। रामगंगा नगर आवासीय योजना में बनी रामायण वाटिका को लोकार्पण से पहले ही देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। लोग रामायण वाटिका के भ्रमण के दौरान मोबाइल पर यहां के आकर्षण को कैमरे में कैद कर रहे हैं। बीडीए ने रामायण वाटिका के लोकार्पण से पहले फोटो और सेल्फी खींचने पर रोक लगा दी है। वहीं, लोगों की आवाजाही की भी निगरानी आरंभ कर दी गई है।
बीडीए अफसरों के अनुसार, रामायण वाटिका का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री का दिसंबर माह में बरेला का दौरा संभावित है। इसी कारण परिसर को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बीते शुक्रवार को कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने भी रामायण वाटिका का निरीक्षण किया कर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. ने बताया कि वाटिका में निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और करीब एक सप्ताह में सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। इसको लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।
